चौसाना। साधन सहकारी समिति बल्ला माजरा के गेहूं क्रय केन्द्र पर दस बजे तक खरीद शुरू न होने पर किसानों ने हंगामा कर दिया। इसकी शिकायत एसडीएम से की गई, तब जाकर गेहूं खरीद शुरू हो पाई। चौसाना क्षेत्र में शामली बस स्टैंड पर साधन सहकारी समिति बल्ला माजरा का गेहूं क्रय केन्द्र बनाया गया है। शुक्रवार सुबह सात बजे से गेहूं बेचने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए थे, लेकिन पौने दस बजे के बाद तक भी गेहूं खरीद शुरू नहीं हुई। इसके चलते कुछ किसान अपना गेहूं लेकर हरियाणा चले गए। बाकी किसानों ने खरीद शुरू न होने और वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था न होने पर हंगामा किया। इसके बाद एसडीएम ऊन को कॉल करके शिकायत की गई। किसानों का कहना था कि शासन ने सुबह नौ बजे से गेहूं खरीद शुरू करने का निर्देश दिया है, फिर भी लापरवाही बरती जा रही है। बाद में एसडीएम के निर्देश पर गेहूं खरीद शुरू हो पाई। इस दौरान किसान आशीष भोगी मजरा, बिलेेद्र, रविंद्र, सुरेेश, अशोक, राजू, कुर्बान, बिट्टू और धर्मेंद्र आदि किसान मौजूद रहे।