दुष्कर्म के प्रयास के मामले में चार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
शामली।
किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाभवन क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार की रात वह अपनी पत्नी के साथ बाहर गया हुआ था। घर पर उसकी पुत्री तथा पुत्र था। आरोप है कि पड़ोसी युवक सतीश का भांजा रोहित, निवासी गांव मनोहरपुर जनपद सहारनपुर व दुष्यंत उसके घर में दीवार फांदकर घुस गए थे। आरोप है कि आरोपियों ने तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का प्रयास किया था, लेकिन शोर मचाने पर किशोरी का भाई तथा अन्य लोग मौके पर आ गए थे और उन्होंने आरोपियों को पकड़ लिया था। हालांकि कुछ देर बाद उनके परिजन सतीश ,वीरेंद्र घर में घुस आए थे और मारपीट करते हुए दोनों आरोपियों को छुड़ा ले गए थे। तहरीर पर पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया कि नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार की तहरीर थाने पर आई है। रोहित ,दुष्यंत ,सतीश ,वीरेंद्र सहित चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।