मछली से लदा मिनी ट्रक पकड़ा, तीन गिरफ्तार
कैराना। शनिवार रात करीब 12 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खुरगान दभेड़ी खुर्द रोड पर एक मिनी ट्रक को को रोक कर तलाशी ली, तो उसके अंदर से प्रतिबंधित मांगुर मछली भरी हुई मिली। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक और परिचालक के साथ ही मछलियों के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मछलियों को गड्ढे में दबवा दिया। सूचना पर मत्स्य विभाग के इंस्पेक्टर पवन कुमार कैराना कोतवाली पहुंचे तथा प्रतिबंधित मांगुर मछली का कारोबार करने के आरोप में मिनी ट्रक चालक राशिद निवासी गांव नाला थाना कांधला, परिचालक वासिल निवासी गांव गंदराउ और मछलियों के मालिक अब्दुल समद निवासी गांव दभेडी खुर्द के विरुद्ध आईपीसी की धारा 270 के तहत मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि मिनी ट्रक का वजन कराने पर पता चला कि उसमें 70 क्विंटल 10 किलो मांगुर मछली भरी थी। मछलियों को जमीन में दबवा दिया गया। मत्स्य विभाग के इंस्पेक्टर की तहरीर पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।