शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक सुभाष चौक कार्यालय में हुई। मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र भेजकर कहा कि शामली जिला एनसीआर में शामिल हो चुका है। उन्होंने गाजियाबाद से मेरठ होकर शामली तक मेट्रो ट्रेन का नया रूट बनाकर संचालन किए जाने की मांग की है। अवगत कराया कि बीकानेर से हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में एक दिन बीकानेर से चलकर प्रत्येक शनिवार को शामली आती थी। 11 माह से यह ट्रेन बंद चल रही है। उन्होंने इसके पुन: संचालन की मांग की है। नगराध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष चंद्र धीमान, जिला संगठन महामंत्री प्रदीप विश्वकर्मा, नगर महामंत्री रवि संगल, मनोज मित्तल गौरव बंसल पवन गोयलराम दयाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।