शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को उठाना जरूरी
शामली। प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेेश राणा ने विकास की पत्रकारिता को विकसित करके आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
शुक्रवार की शाम शहर के मुजफ्फरनगर बस अड्डे के पास एक रेस्तरा में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेेश राणा ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास बहुत पुराना है। श्रीगणेश शंकर विद्यार्थी, वीर सावरकर जैसे पत्रकारों को भूमिका को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अखबार समाज का दर्पण होता है, जो खबर के माध्यम से समाज व राष्ट्र की अच्छाई और बुराइयों को सामने लाता है। मौजूदा दौर में पत्रकारिता का स्वरूप बदला है। गन्ना राज्यमंत्री ने कहा कि जिले के पत्रकार मेरा अपना परिवार है। उन्होंने पत्रकारों को माह दो माह में जिला प्रशासन के साथ तालमेल करके शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को संवाद के माध्यम से उठाकर उनके समाधान में अपना योगदान दें। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाक्टर ओमपाल सिंह ने की। इस मौके पर जिले के पत्रकारों की ओर से गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा को पुष्प और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन मास्टर कंवरपाल मालेंडी की ओर किया गया। डीएम के प्रतिनिधि के रूप में एसडीएम सदर सुरजीत सिह मौजूद रहे।