कैराना। पांच माह पूर्व मौहम्मदपुर राई में विद्युत लाइन पर काम करते वक्त झुलसे प्राइवेट कर्मी के उपचार का खर्चा ठेकेदार से दिलाया जाएगा। डीएम द्वारा ग्रामीणों की शिकायत पर मामले का संज्ञान लेने पर एसडीएम ने ठेकेदार को स्पष्ट हिदायत दे दी है। मंगलवार को मौहम्मदपुर राई में डीएम की चौपाल के दौरान कई ग्रामीण सद्दाम नाम के एक मजदूर को चारपाई पर लेकर आए थे। बताया था कि पांच माह पूर्व गांव में दीनदयाल योजना के तहत एक प्राइवेट फर्म द्वारा विद्युत कार्य कराया जा रहा था। सद्दाम वहां मजदूरी कर रहा था। सद्दाम शट डाउन लेकर लाइन पर काम कर रहा था लेकिन अचानक बिजली चालू कर दी गई। जिससे वो झुलस गया। जिलाधिकारी अखिलेश कुमार द्वारा मामले पर संज्ञान लिए जाने के बाद बुधवार को एसडीएम डा अमित पाल शर्मा ने विद्युत निगम के एसडीओ को अपने कार्यालय बुलाया। सद्दाम के उपचार के सारे बिल मंगवाकर जल्द ही ठेकेदार से भुगतान कराने को कहा। साथ ही सद्दाम को किसी भी अच्छे अस्पताल में उपचार कराये जाने की हिदायत दी गई।