जलालाबाद। कस्बे में शहरी कांशीराम आवास के क्षेत्रवासियों ने पेंशन फार्म न भरवाने का आरोप नगर पंचायत के कर्मचारियों पर लगाया है। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए बताया कि कॉलोनी में 216 आवास है। जिनमें सभी परिवार गरीब तबके के है। परिवारों में विधवा, विकलांग, वृद्धों की संख्या काफी है। नगर पंचायत को आवास में रहने के प्रतिवर्ष एक सौ रुपये टैक्स के रुप में भी देते चले आ रहे है। गत सप्ताह जिलाधिकारी के आदेश पर नगर पंचायत के कर्मचारियों ने मोहल्लों में सर्वे कर सूची तैयार कर फार्म भरवाए थे। जबकि कांशीराम कॉलोनी में रहने वालों की सूची तैयार करने के लिए कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस कारण सभी पात्र माने जाने वाले परिवार पेंशन प्राप्त करने से वंचित चले आ रहे है। इस दौरान पार्वती, सोना, सरुपी, शाहिदा, जमीला, आमना, सब्बो बेगम, मुमताज, मुंशी, सावित्री, विमला, सोमपाल, जायरीना, नसीमा, आबिद आदि ने फार्म भरवाकर पेंशन दिलवाने की मांग की। जांच न करने वाले नगर पंचायत के कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।