कैराना (शामली)। राशन की कालाबाजारी के विरोध में खंद्रावली के ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। एडीएम को शिकायती पत्र सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि उनके क्षेत्र का राशन डीलर हत्या के मामले में जेल में है। उनका राशन दूसरे डीलर की दुकान से संबद्घ किया गया है। आरोप है कि राशन डीलर वितरण में धांधली करता है। इस कारण कार्डधारकों को उनके हक का राशन नहीं मिल पा रहा है। जब कार्डधारक राशन के लिए डीलर के पास पहुंचते हैं, तो उनके साथ बदसलूकी की जाती हैै। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मामले की शिकायत पूर्व में कई बार की गई, लेकिन आज तक इसमें कोई समाधान नहीं किया गया। 2016 से अब तक कार्डधारकों को केरोसिन तेल भी नहीं मिला है। ग्रामीणों ने एडीएम से राशन डीलर की निष्पक्ष जांच कराकर पात्र कार्डधारकों को राशन दिलवाने की गुहार लगायी है। वहीं, एडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने मामले में संज्ञान लेकर इसकी जांच सप्लाई इंस्पेक्टर वैशाली अहलावत को सौंप दी है। प्रदर्शनकारियों में कुंवर, इमरान, वेसर, इस्लाम, बीरसैन, मीरहसन, तसव्वर, मुकेश, चोखेलाल, तासीफ, आत्माराम, सादिक, श्यामा, बबली, जगपाली, जरीना, अमरेश आदि मौजूद रहे।