शाकंभरी मंदिर दर्शन को निकले श्रद्धालुओं के जत्थे
शामली। मां शाकुंभरी देवी मंदिर के दर्शन के लिए शहर और देहात क्षेत्र से श्रद्धालुओं के जत्थे रवाना हुए। मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद शहर में कई स्थानों से शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। शुक्रवार को शामली के नोकुआं रोड पर श्री नवदुर्गा शाकुंभरी देवी मंदिर समिति की ओर से पदयात्रा लेकर श्रद्धालु रवाना हुए। इससे पूर्व मंदिर में विधि विधान से पूजन कराया गया। मुख्य अतिथि विजय कौशिक ने विशेष पूजन कराया। इसके बाद ढोल और डीजे पर भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालु पदयात्रा लेकर मां शाकंभरी देवी मंदिर की तरफ चले गए। इस दौरान सतपाल सैनी, हरि सिंह सैनी, संजय सैनी, महिपाल सैनी, जोगेंद्रपाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। माजरा रोड स्थित भाकूवाला मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ श्रद्धालुओं ने पदयात्रा के रूप में मां शाकंभरी देवी मंदिर के लिए प्रस्थान किया। माजरा रोड से होकर भिक्की मोड़, धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग होते हुए श्रद्धालु पदयात्रा पर रवाना हुए। शोभायात्रा में कई सुंदर झांकियां शामिल रहीं। वहीं, ट्रैक्टर ट्राली पर डीजे लगाया गया, जिसके चलते पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु रंग गुलाल उड़ाते और भजनों पर झूमते हुए पैदल चल रहे थे। इस दौरान घनश्याम जांगिड़, हरिश्याम जांगिड़, राधेश्याम जांगिड़, बिजेंद्र धीमान, संजय गुणदेव, अमित, मनोज, राजकुमार आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा मोहल्ला बड़ीआल से भी एक पदयात्रा मां शाकंभरी देवी मंदिर के लिए रवाना हुई। इसमें श्रद्धालुओं का जत्था डीजे और झांकी के साथ चल रहा था। इस दौरान सन्नी, अंकित, कपिल, मुकेश, नरेंद्र, मोन्टी आदि शामिल रहे। उधर, बागपत जिले के अमीनगर सराय के श्रद्धालुओं का जत्था शुक्रवार शाम को शामली नगर में पहुंचा। इस जत्थे के साथ भी शोभायात्रा में कई झांकियां और डीजे शामिल रहा। झांकियों में राधा कृष्ण के वेश कलाकार नृत्य करते हुए चल रहे थे।