- नौ माह पहले कैराना रोड पर होटल के सामने पांच बदमाशों ने लूटी थी गाड़ी
- तीन बदमाश पहले से जेल में बंद, एक अन्य बदमाश चल रहा फरार
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने करीब नौ माह पहले फॉर्च्यूनर गाड़ी लूटने की घटना में फरार चल रहे 15 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। इस घटना में शामिल पांच बदमाशों में तीन बदमाश पहले से जेल में हैं जबकि एक बदमाश अभी फरार चल रहा है।
शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार देर रात को सूचना के आधार पर बुढ़ाना रोड रेलपार बाईपास तिराहे से एक बदमाश को तमंचा व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश का नाम सोनू निवासी गांव रोहद थाना असोदा जिला झज्जर हरियाणा है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पिछले साल 25 अप्रैल 2022 को कैराना रोड पर एक होटल के सामने से फॉर्च्यूनर गाड़ी लूटने की घटना में शामिल था। उस पर एसपी शामली की तरफ से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एएसपी के मुताबिक फॉर्च्यूनर लूट की घटना में पांच बदमाश शामिल थे। इनमें तीन बदमाश दिनेश उर्फ टिल्लू निवासी गांव मदीना थाना बड़ौदा जिला सोनीपत, कमलीकांत निवासी असोदा जिला झज्जर और आशु निवासी गांव खरहर थाना असोदा जेल में बंद है जबकि एक अन्य बदमाश अमित उर्फ भिकला निवासी गांव रोहद थाना असोदा जिला झज्जर हरियाणा अभी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।