कांधला। गांव नाला निवासी सुमित, अनुज, सतीश, कस्बा एलम निवासी राहुल, सतबीर, सुनीता, कुसुम और पूजा गांव नाला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराने के लिए पहुंचे। आरोप है कि पीएचसी पर तैनात चिकित्सक ने मरीजों को पीएचसी पर दवा उपलब्ध न होना बताते हुए बाहर से दवा लाने को कहा। इससे आक्रोशित मरीजों ने पीएचसी के बाहर जमकर हंगामा किया और जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को फोन पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया कि पीएचसी में दवा होने के बावजूद चिकित्सक जानबूझकर बाहर से दवा लाने को कहते है। इस मामले में चिकित्सा अधिकारी डाक्टर रमेश चंद्रा ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। अगर ऐसा कोई प्रकरण है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।