शामली। फिल्म गेम ऑफ अयोध्या के विरोध में मंगलवार को भारती एकता कमेटी के लोगों ने शहर में वीर अब्दुल हमीद चौक पर प्रदर्शन किया।
फिल्म डायरेक्टर का पुतला फूंका और चेतावनी दी कि यदि यह फिल्म रिलीज की गई तो आंदोलन होगा। भारती एकता कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को शहर में दिल्ली रोड स्थित वीर अब्दुल हमीद चौक पर एकत्र हुए। पदाधिकारियों ने कहा कि फिल्म गेम ऑफ अयोध्या में पुराने जख्मों को कुरेदा जा रहा है। ऐसी फिल्म के प्रसारण की वजह से सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा उत्पन्न हो सकता है। लिहाजा यह फिल्म रिलीज नहीं होनी चाहिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए फिल्म गेम ऑफ अयोध्या के निर्देशक का पुतला भी फूंका। किसी भी सिनेमाघर में इसका प्रसारण नहीं होने देंगे। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष आरिफ हवारी, सरदार राजेंद्रपाल सिंह, महामंत्री हरिओम पाठक, जाहिद हसन, शोएब काजी, नफीस अहमद, सुनील प्रधान और अमित आदि मौजूद रहे।