शामली। मोहल्ला रेलपार स्थित जिला बाल विकास परियोजना कार्यालय के बाहर मैदान में 13 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बेमियादी धरना 38वें दिन भी जारी रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि दूूसरे प्रांतों से भी बहुत कम मानदेय दिया जा रहा हैं। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा की तर्ज पर मानदेय दिलाने की मांग की है। राज्य सरकार द्वारा उन्हें 18 हजार रुपये का मानदेय देकर राज्य कर्मी घोषित नहीं किया तो उनका बेमियादी धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को बेमियादी धरना प्रदर्शन थानाभवन ब्लाक के सीडीपीओ कार्यालय में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर राकेश देवी, शामली ब्लाक अध्यक्षा मोनिका शर्मा, पवन, सरिता, लता, निर्मला, पुष्पा, पूनम देवी, कौशल्या, रीता रानी, विजय प्रभा, सीमा, रितु, सुशीला, रेखा, मुन्नी, कविता, सुमन, बबीता आदि मौजूद रहीं।