-जिले में 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ मुख्यमंत्री आरोग्य मेला
-बुखार, नजला, जुकाम और खांसी के मरीज रहे ज्यादा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 1379 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 143 गोल्डन कार्ड बनाए गए। आरोग्य मेले में बुखार, नजला, जुकाम व खांसी के मरीज ज्यादा रहे।
रविवार को जिले के 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित हुआ, जिसमें चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवा दी। मोहल्ला पंसारियान स्थित अरबन पीएचसी पर पालिका की वार्ड सभासद पूजा ने फीता काटकर आरोग्य मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद चिकित्सक ने मरीजाें की जांच कर दवा दी। आरोग्य मेले में सुबह से ही मरीजों का पहुंचना शुरू हो गया था। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 482 पुरुष, 740 महिला और 157 बच्चों की जांच कर उपचार दिया गया। इस तरह कुल 1379 मरीजों का उपचार हुआ। आरोग्य मेले में बुखार, नजला, जुकाम व खांसी के मरीज ज्यादा रहे। इसके अलावा पेट दर्द, त्वचा व श्वास के मरीज भी आए। आरोग्य मेले में स्टाल लगाकर आयुष्मान भारत योजना के 143 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। सीएमओ डॉ. संजय अगवाल ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित हुआ। आरोग्य मेले में 25 चिकित्सक व 100 पैरा स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। सबसे अधिक 61 मरीज बहावड़ी पीएचसी पर आए, जबकि सबसे कम 50 मरीज राजपुर छाजपुर पीएचसी पर रहे।