शामली। जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई गई। परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्रों पर अंदर भेजकर परीक्षा समयपूर्वक आयोजित कराई। केंद्रों पर 1371 ने परीक्षा दी, जबकि 997 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। आरके कॉलेज में पेपर पांच मिनट देरी शुरू हुआ।
शनिवार को जवाहर नवोदय 2024 में कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित कराई गई। परीक्षा में 80 सीटों के सापेक्ष 2368 पंजीकरण हुए थे। जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में सुबह 11.30 बजे सेे 1.30 बजे तक परीक्षा कराई गई। सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षकों और मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी। केंद्रों पर सभी बच्चों को 11 बजे केंद्र के अंदर भेजना शुरू कर दिया था। इसके बाद शिक्षकों ने सभी बच्चों को परीक्षा में दिए गए नियमों की जानकारी दी। शामली के आरके इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र गांव कुड़ाना का छात्र आर्यन प्रवेश पत्र खो जाने के कारण परीक्षा नहीं दे सका, क्योकि उसके पास उसका कोई रिकार्ड भी नहीं था। केंद्र पर प्रश्न पत्र पांच मिनट देरी से वितरित किए गए। कॉलेज के प्रधानाचार्य लोकेंद्र ने बताया कि बच्चों को पांच मिनट का समय अधिक दे दिया गया था। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य किरण प्रकाश ने बताया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर 997 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्वक आयोजित कराई गई। समय से सभी केंद्रों से गोपनीय सामग्री विद्यालय पहुंच गई है।
-किसी को गणित, तो किसी को लगी रीजनिंग कठिन
जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा में 80 प्रश्न दिए गए थे, जिन्हें हल करने के लिए दो घंटे का समय दिया गया था। पूरा पेपर 100 अंकों का था। इसमें 40 प्रश्न मानसिक योग्यता परीक्षण, 20 प्रश्न अंक गणित व 20 प्रश्न भाषा परीक्षण के थे। परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं थी। सभी बच्चों ने मन खोलकर गोले किए। परीक्षा समाप्त होने पर जब अमर उजाला रिपोर्टर ने बच्चों से पूछा पेपर कैसा रहा तो शामली की छात्रा दिव्यांशी, अराध्या ने गणित के प्रश्न ज्यादा कठिन बताए। गांव बलवा के अंकुश ने भी गणित ही कठिन बताया। गांव कुड़ाना के पूर्वी मलिक और रेलपार की छात्रा नीलम ने रीजनिंग के प्रश्न ज्यादा हार्ड बताए। बच्चों ने बताया कि उन्होंने पूरे 80 प्रश्न हल किए हैं। अब पता नहीं नंबर आएगा या नहीं।
-परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत और अनुपस्थित की सूची
परीक्षा केंद्र का नाम-पंजीकृत परीक्षार्थीअनुपस्थित
1-आरएसएस कॉलेज झिंझाना-447-197
2-लाला लाजपत राय थानाभवन-449-170
3-आरके इंटर कॉलेज शामली470176
4-पब्लिक इंटर कॉलेज कैराना-384-110
5-एसएन इंटर कॉलेज कैराना-170-53
6-चंदन लाल इंटर कॉलेज कांधला448291
योग-2368-997