शामली। आंवला से जनपद शामली में 1327.950 मीट्रिक टन यूरिया की रैक भेज दी गई है। कृषि विभाग ने यूरिया को गोदाम में भेज दिया है। जहां से दुकानों पर भेजी जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि खरीफ अभियान की तैयारी के तहत किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराए जाने के लिए शामली को आंवला से यूरिया की एक रैक 1327.950 मीट्रिक टन प्राप्त हो गया है। यूरिया को प्राप्त करने के बाद भंडारण पीसीएफ के बफर गोदाम जसाला में किया गया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार सहकारिता/गन्ना समितियों और अन्य के मध्य उर्वरक का आवंटन किया जाएगा। बताया कि यूरिया का वितरण किसानों को उनकी जोत के आधार पर ही किया जाएगा।
बताया कि जनपद में 4234.81 मीट्रिक टन यूरिया की मात्रा हो गई है। निर्देश दिए कि पीओएस मशीन के माध्यम से नियमानुसार उर्वरकों का प्रभावी वितरण किया जाए। जनपद के किसी भी उर्वरक बिक्री केंद्र पर आईएफएमएस पोर्टल में उपलब्ध संभार एवं बिक्री केंद्र पर उपलब्ध संभार में यदि अनियमितता मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।