कैराना। बुढ़ाना थानाक्षेत्र के ग्राम कसेरवा निवासी आरिश (22) अपने चचेरे भाई नदीम (18) के साथ शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे बाइक द्वारा गुड़ से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को यमुना ब्रिज पार कराने के लिए जा रहे थे। वह हरियाणा, पंजाब में गुड़ का व्यापार करते हैं। जैसे ही वह पानीपत रोड पर पहुंचे, तभी अचानक डिवाइडर क्रॉस कर रही ई-रिक्शा से उनकी बाइक टकरा गई, जिसमें वह दोनों घायल होकर गिर पड़े और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने आरिश की हालत को गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। उधर, घायलों की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।