शामली।
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की ओर से गांव राझड़ में चल रहा पांच दिवसीय योग शिविर रविवार को आरोग्य हवन के साथ समाप्त हो गया। सभी ग्रामीणों ने हवन में वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ आहुति देकर हवन संपन्न कराया। इसके साथ ही योग प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह ने सभी ग्रामीणों को पिछले पांच दिन से कराए गए विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। वहीं उनसे होने वाले लाभ के बारे में सभी को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी को कपालभाति, अनुलोम विलोम, भ्रामरी, सूर्य नमस्कार, चक्रासन, शीर्षासन, हलासन, व्रजासन आदि का अभ्यास कराया। उन्होंने सभी ग्रामीणों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सभी को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे रोपित करने की अपील की। अगला योग शिविर गांव हसनपुर में सोमवार से शुरू होगा। इस दौरान विनोद, रामबीर, संजीव, छोटू, विकास, अनिल, गौरव, बिजेंद्र आदि मौजूद रहे।