सड़क दुर्घटना में कार सवार युवक की मौत
जलालाबाद। रिश्तेदारी में जा रहे कार सवार युवक के स्टेयरिंग का बैलेंस बिगड़ जाने से कार खाई में गिर गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में पहुंचाते समय एक युवक की मौत हो गई। जलालाबाद के मोहल्ला जामिन अली निवासी मोहम्मद यासीन बाबू का लड़का मोहम्मद नवाज (23) अपनी मां खुशनुमा व रिश्तेदार नसीम उर्फ पप्पू के साथ कैराना में समशुल के यहां मय्यत में शामिल होने के लिए गए थे। वहां से लगभग 4 बजे घर लौटते समय हरड़ फतेहपुर के पास पहुंचे, तो कार के स्टेयरिंग का बैलेंस बिगड़ जाने के कारण कार सड़क के पास गहरे गड्ढे में पलट गई। जिस कारण कार चला रहे मोहम्मद नवाज को काफी गंभीर चोट आई तथा साथ में नवाज की मां व नसीम उर्फ पप्पू भी घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत डायल 100 को सूचित किया। पुलिस ने तीनों को थानाभवन चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां पर गंभीर हालत में मोहम्मद नवाज को जिला सहारनपुर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन घायलों को लेकर जैसे ही सहारनपुर के पास पहुंचे तो नवाज ने दम तोड़ दिया। परिजन तभी डॉक्टरों को दिखाकर वापस जलालाबाद ले आए। बाबू यासीन अहमद कस्बे के किसान परिवार के साथ साथ समाज सेवा से भी जुड़े होने के कारण उनके पुत्र की मौत की खबर कस्बे में फैल गई। लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर दुख प्रकट किया।