झिंझाना। क्षेत्र के सांपला गांव निवासी रोबिन खाटियान के साथ क्यूआर कोड स्कैम के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली झिंझाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उसने पिंडोरा जहागीरपुर स्थित अपने ईंट भट्टे से शामली में पांच हजार ईंटें भेजी थीं। 19 मार्च को सुबह करीब सात बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने अपना नाम रोशन सिंह बताया और पांच हजार ईंटें शामली भेजने की बात कही। बताए गए पते पर ईंटों की सप्लाई कर दी। बाद में जब प्रार्थी ने 32 हजार 500 रुपये का भुगतान मांगा, तो आरोपी ने क्यूआर कोड भेजा, लेकिन क्यूआर कोड स्कैन करते ही मालिक के खाते से सात बार में कुल एक लाख 30 हजार 442 रुपये निकल गए। पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत कोतवाली झिंझाना में दर्ज कराई है। संवाद