शामली के मौहल्ला बरखंडी अर्बन अस्पताल में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों की ज
शामली। जिले के सभी 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले आयोजित किए गए। आरोग्य मेलों में 1275 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इस दौरान नजला, जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज ज्यादा रहे। इसके अलावा त्वचा रोग से संबंधी मरीज भी पहुंचे। आरोग्य मेेलों में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 105 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
रविवार को जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों का सुबह ही पहुंचना शुरू हो गया था। मोहल्ला बरखंडी स्थित अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. उदित भटनागर ने मरीजों की जांच की और फार्मासिस्ट मनु शर्मा ने दवा का वितरण किया। यहां पर 25 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया और पांच गोल्डन कार्ड बनाए गए।
मोहल्ला पंसारियान में 53 मरीजों की जांच हुई और पांच गोल्डन कार्ड बनाए गए। डॉ. सादिया सदफ ने मरीजों की जांच की और दवा उपलब्ध कराई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की भी जांच की गई। जिले में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 356 पुरुष, 580 महिला और 399 बच्चों कुल 1275 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 105 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
ऊन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व पीएचसी पिंडोरा में स्वास्थ्य मेले में मरीजों की जांच कर दवा दी गई। ज्यादातर मरीज उल्टी दस्त, बुखार, खांसी, नजला के और कुछ त्वचा रोग से पीड़ित आए। चिकित्सक डॉ. शशिकांत ने बताया कि गर्मी के बढ़ने से बीमारी बढ़ रही है।