शामली। लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 19 अगस्त को टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। इस संबंध में एडीएम अरविंद कुमार सिंह ने बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला युवा कल्याण अधिकारी एमएस तोमर ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रदेश के प्रत्येक जनपद से 75 खिलाड़ी (50 पुरुष एवं 25 महिला) और 50 मंगलदल के अध्यक्ष (25 युवक एवं 25 महिला) प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को गंतव्य तक ले जाने और वापस लाने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग के अधिकारी को दी गई है। बैठक में सभी खिलाड़ियों की व्यवस्था हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी मुंशीलाल, जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत आदि अधिकारी मौजूद रहे।