शामली। भगवान भोलेनाथ में आस्था के साथ ही शहीद सैनिक के प्रति सम्मान, तन पर फौजियों के रंग वाले कपड़े, हाथों में तिरंगा और जयघोष बोल बम का। पानीपत के गोयला खुर्द के युवकों का जत्था शहीद सचिन शर्मा की याद में हरिद्वार से कांवड़ लेकर आया, जो बोल बम के साथ ही हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते चल रहा है। मंगलवार तड़के यह जत्था शामली में पहुंचा और हनुमान धाम पर लगे कांवड़ सेवा शिविर में कुछ समय ठहरने के बाद स्नान ध्यान करके फिर से गंतव्य की ओर रवाना हो गया। जत्थे में शामिल गौरव, तिरसपाल, सोनू, संजय, मोनू और तिरथपाल ने बताया कि उनके गांव का सचिन शर्मा राजपूताना राइफल्स में सैनिक था। 18 जनवरी 2018 को अरुणाचल प्रदेश में हुए नक्सली हमले में वह शहीद हो गया था। कांवड़ियों ने बताया कि वह प्रतिवर्ष कांवड़ लाते हैं, लेकिन इस बार शहीद सचिन शर्मा को समर्पित करते हुए कांवड़ लाने की ठानी। इसीलिए जत्थे में शामिल सभी साथियों ने फौजियों के रंग वाले टीशर्ट और हाफ पेंट बनवाई। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पानीपत की तरफ निकले हैं। कांवड़ लाने के दौरान बोल बम का जयकारा लगाने के साथ ही हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे भी खूब लगाए गए। इसके बाद कांवड़ियों का जत्था पानीपत की तरफ रवाना हो गया।