जलालाबाद।
राशन डीलरों की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण राशन पाने के लिए डीलरों की दुकान पर चक्कर काट रहे हैं।
कस्बा में राशन की आठ दुकानें हैं। उपभोक्ताओं को आधार कार्ड न होने की बात कहकर राशन नहीं दिया जा रहा है। राशन डीलर द्वारा परिवार के मुखिया से भी परिवार के सभी लोगों के आधार कार्ड मांगे जाते हैं। पूर्व सभासद राकेश शर्मा, सभासद निन्ना पहलवान और राशिद चौधरी आदि का कहना है कि उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। पूर्व में भी कई कई बार आधार कार्ड राशन डीलर को जमा करा चुके हैं मगर उन लोगों से फिर आधार कार्ड की मांग की जा रही है। उपभोक्ता बिलकिश, सुदेश, आमिर, खुशनुमा, सत्यपाल, मुन्नी बेगम, वीरेंद्र, हफीजन, नरेंद्र और अंगूरी आदि ने आरोप लगाया कि राशन डीलर जानबूझकर हमें परेशान कर रहे हैं। वहीं, राशन डीलरों का कहना है कि उच्चाधिकारियों ने आदेश दिया है कि बिना आधार कार्ड वाले उपभोक्ताओं को राशन नहीं दिया जाए।