-आयुष्मान भारत योजना के 119 लाभार्थियों के बने गोल्डन कार्ड
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 1200 मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया। आरोग्य मेले में सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार, नजला, जुकाम के रहे। इस दौरान आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 119 गोल्डन कार्ड बनाए गए।
रविवार को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सुबह से ही मरीजों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया। इस दौरान मौसम बदलाव का लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा प्रतिकूल असर देखने को मिला। ज्यादातर मरीज मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव की वजह से वायरल बुखार, नजला, जुकाम व खांसी से पीड़ित रहे। इसके अलाव श्वास, पेट व त्वचा रोग से संबंधी मरीज आए। आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के 119 गोल्डन कार्ड बनाए गए। सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि आरोग्य मेले में 25 चिकित्सक और 100 पैरा स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोग्य मेले में 350 पुरुष, 559 महिला मरीज और 282 बच्चों की जांच कर उपचार दिया गया। 119 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। मेले में आए सभी मरीज सामान्य बीमारी से पीड़ित थे। कोई गंभीर मरीज सामने नहीं आया।