शामली। उत्तर प्रदेश शासन ने गोहरनी के जंगल में निर्माणाधीन जिलाविद्यालय निरीक्षक कार्यालय के लिए तीसरी किश्त के रूप में 58 लाख की धनराशि जारी कर दी है। कार्यदायी संस्था का कहना है कि दिसंबर तक कार्यालय के तीन फ्लोर में से एक फ्लोर बनकर तैयार हो जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के निर्माण का दो करोड़ 84 लाख रुपये का मई 2016 में इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया था। अप्रैल 2017 में शासन ने प्रथम किश्त के रूप में 50 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त करते हुए उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया था। निर्माण एजेेंसी को दूसरी किश्त के रूप में 40 लाख रुपये की धनराशि शासन से जारी की गई। इसमें कार्यालय निर्माण का 50 प्रतिशत काम पूरा हुआ। शासन ने अब 58 लाख रुपये की तीसरी किश्त जारी कर दी है। निर्माण एजेंसी के नोडल अधिकारी ने बताया कि कार्यालय के तीन फ्लोर में से एक फ्लोर दिसंबर तक पूरा तैयार हो जाएगा। एक फ्लोर तैयार होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय नए भवन में संचालित हो सकता है। उन्होंने बताया कि एक करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि की अंतिम किश्त शासन से आने के बाद कार्यालय का निर्माण पूरा हो पाएगा।