थानाभवन। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने नगर भ्रमण कर कस्बे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सबसे पहले उन्होंने अग्रवाल कॉलोनी, मुल्लापुर मार्ग स्थित महिला शौचालय का निरीक्षण किया। यहां से वह दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर पहुंचे और बारिश के दौरान पैदा होने वाली जलभराव की स्थिति पर संबंधित अधिकारियों के साथ मंथन किया। उन्होंने लोगों से वार्ता कर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। अंत में उन्होंने कैंप कार्यालय के समीप स्थित श्मशान का निरीक्षण किया। कहा कि भाजपा की राज्य व केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाया जाए। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी रवि यादव, नरेंद्र सैनी, देवेंद्र पंडित, नीरज पाटी, बॉबी अरोड़ा, उमेश सभासद, रविंद्र शर्मा, पूरण सैनी, पवन गौतम, रामस्वरूप वाल्मीकि, ईशू अरोड़ा, अंशुल, अनुज आदि मौजूद रहे। उधर, जिला आशा संघ के बैनर तले आशाओं के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना विकास राज्य मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने राज्य कर्मचारी की भांति वेतन, पांच लाख का विभागीय बीमा, बच्चों को मुफ्त शिक्षा, मुफ्त चिकित्सा सुविधा सहित 14 सूत्री मांग पत्र मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।