भाजपाइयों ने नाराजगी जताई
कांधला।
गोवंश प्रकरण को लेकर भाजपाइयों ने भी रोष जताया है। भाजपा के नगर महामंत्री का कहना है कि गऊशाला से गोवंश निकाले जाने के मामले में शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, इससे कार्यकर्ताओं में मायूसी है। भाजपा के कांधला नगर महामंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा है कि गऊशाला से निकाले गए गोवंश को वापस गऊशाला भिजवाने की मांग पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने रात में गोवंशों को गांव किवाना के डेयरी संचालक को सौंप दिया, जबकि गोवंश गऊशाला में पहुंचाने चाहिए थे। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इस बारे में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों भी बताया गया कि पुलिस सही कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, नगराध्यक्ष सत्यवीर वर्मा ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मायूसी के बारे में जिलास्तरीय पदाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।