आंधी से गिरी दीवार, महिला की मौत
जलालाबाद। (शामली)। तेज आंधी में बाउंड्री महिला के ऊपर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई।
रविवार शाम सात बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी चलनी शुरू हो गई। कस्बे के मोहल्ला बाबूपुरा निवासी बशीर अपनी पत्नी अनवरी 58 के साथ रविवार शाम करीब सवा सात बजे अपने घर के आंगन में बैठे हुए थे। तेज आंधी के कारण उनके ऊपर अचानक बाउंड्री की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में बशीर बाल बाल बच गया, जबकि अनवरी उसकी चपेट में आ गई। दीवार गिरने की तेज आवाज होने तथा बशीर के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने महिला को दीवार के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत से मोहल्ले में मातम पसर गया और कोहराम मचा गया। देर रात तक परिजन महिला के शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी में लगे हुए थे।