कांधला। लोकतंत्र सेनानियों को पिछले चार माह से पेंशन न मिलने से रोष व्याप्त है। इस बारे में लोकतंत्र सेनानी 28 जून को जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन देंगे। कस्बे के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी गौरी शंकर मित्तल और गांव नाला निवासी शक्ति सिंह ने बताया कि जनपद में 38 लोकतंत्र सेनानी है, जिन्हें प्रदेश सरकार से प्रतिमाह निश्चित धनराशि पेंशन के रूप में दी जाती थी। पिछले चार माह से जिला स्तर पर पेंशन रोकी जा रही है, जिसका कोई कारण नहीं बताया जा रहा है। सेनानियों ने समस्या के समाधान के लिए निर्णय लिया है कि वह 28 जून को जिला मुख्यालय पर एकत्र होकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे।