अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना। गांव हरिनगर बिड़ौली में हुए मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा करने पर ग्रामीणों ने एसपी अजय कुमार और पुलिस टीम का अभिनंदन किया।
रविवार को गांव हरिनगर बिडौली में तीन जनवरी की रात को कमला और उसकी बेटी सोनू की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए जिला पंचायत सदस्य डाक्टर सुधीर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस कांड का खुलासा करने पर गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। एसपी अजय कुमार ने कहा कि नशा, जुआ, सट्टा आदि अवैध धंधे किसी भी हालत में नहीं होने दिए जाएंगे। नशे की लत में फंसकर युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है। इसे रोकने के लिए वे अपने स्तर पर हर संभव प्रयास करेंगे। ग्रामीणों ने एसपी अजय कुमार, स्वाट टीम प्रभारी सुनील सिंह, एसआई सतपाल सिंह, झिंझाना थाना प्रभारी ओपी चौधरी को स्मृति चिह्न और शील्ड देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजकुमार, रामफल, विनोद, जगपाल, सरदार सुखविंद्र सिंह, वीरेंद्र, रामकिशन, संजीव कुमार, कंवरसेन, यशपाल, राजू, धर्मेंद्र, मोहन जोगी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी राजबीर सिंह और संचालन विनोद ने किया।