छह दंपति साथ रहने को हुए राजी
कैराना। जिले में ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक में कई मामलों को रखा गया, हालांकि इनमें मात्र छह ही मामलों का निपटारा किया जा सका।
शामली नगर पालिका सभागार में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में पति-पत्नी के 12 मामले रखे गए। दो मामलों का निस्तारण कराया जा सका। इस दौरान एसआई अनोखा सिंह आदि मौजूद रहे। कैराना तहसील में कांधला, कैराना तथा झिंझाना थानों से संबंधित दो दर्जन से अधिक दंपति के विवादों की सुनवाई की गई, लेकिन काफी जद्दोजहद के बाद एक भी दंपति विवाद में समझौता नहीं हो सका। विवादों की सुनवाई को अगली तिथि नियत कर दी गई। बैठक में संगीता जिंदल, राकेश गर्ग, रेखा गोयल, पिंकी अग्रवाल, भूषण जिंदल मौजूद रहे। उधर, थानाभवन कस्बे के नगर पंचायत सभागार में आयोजित ऐच्छिक ब्यूरो की बैठक में 15 मामलों पर सुनवाई की गई। टीम की सदस्य मोनिका ने बताया कि इनमें से चार मामलों में फैसला करा दिया गया है। शेष बचे मामलों में अगली तारीख में समझौता कराने का प्रयास किया जाएगा।