कैराना (शामली)। मदरसा जमिअतुस्सादह में चार भाषाओं हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी तथा अरबी में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कई मदरसों के छात्रों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन हाजी राशिद अली रहे। उन्होंने कहा कि मदरसों में आधुनिक विज्ञान का प्रबंध राष्ट्रहित के लिए सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि माता-पिता अनेक उम्मीदों के साथ अपने नौनिहालों को शिक्षण संस्थानों में भेजते हैं। इसमें शिक्षकों की जिम्मेदारी बनती है कि वह बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान रखें। मदरसा प्रबंध संचालक मौलाना इरफान साकिब कासमी ने कहा कि इस्लाम धर्म में किसी भी शिक्षा पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। आज के आधुनिक युग में समय की जरूरत समझते ही मदरसे में दीन के साथ-साथ अंग्रेजी, हिंदी की भी शिक्षा दी जा रही है। इस अवसर पर मौलाना आबिद रशीदी, मुफ्ती कमर, मौलाना मुअज्जम, मुफ्ती प्रवेज, मौलाना असद, हाफिज हुसैन, मौलाना फैजान कासमी आदि मौजूद रहे।