झिंझाना (शामली)। अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत तीन घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार को करनाल हाईवे पर गांव सेवापुर के निकट झिंझाना से कार से शामली जसबीर निवासी पावटीकला अपनी बहन मौसम के साथ जा रहा था। तभी एक ट्रक ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार अनियंत्रित हो गई और भैंसा-बुग्गी से जा टकराई। हादसे में कार सवार दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, दूसरी घटना में गांव दरगाहपुर निवासी जयबीर बाइक से झिंझाना आ रहा था। रास्ते में जंगली जानवर सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर, तीसरी घटना में करनाल हाइवे स्थित गांव केरटू के निकट गन्ने से भरा ट्रक पलटने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। ट्रक के पलटने से पहले चालक नफासत निवासी गांव बसी चुधियारी ने कूद कर अपनी जान बचाई। ट्रक चालक ने बताया कि गन्ना केरटू तौल-सेंटर से भरकर ऊन शुगर मिल में ले जाया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक व गन्ने को हटवाकर मार्ग सुचारु कराया है।