टीम ने बच्चों को मां से मिलवाया
कैराना। दंपति के बीच चल रहे विवाद के बाद पिता के पास रह रहे बच्चों को महिला हेल्पलाइन ने उनकी मां से मिलवा दिया।
मोहल्ला खैलकलां निवासी असगर की पुत्री शगुफ्ता चांद का निकाह तीन साल पहले मोहल्ला इकरामपुरा निवासी नईम के साथ हुआ था। शगुफ्ता चांद के एक डेढ़ साल का बेटा व दो माह की बेटी भी है। वही पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते विवाहिता अपने मायके रह रही थी, जबकि दोनों मासूम बच्चे अपने पिता के पास थे। महिला अपने बच्चे पाने के लिए इधर-उधर भटक रही थी। इसी दौरान महिला ने महिला हेल्पलाइन 181 पर कॉल कर बच्चे दिलाने की गुहार लगाई। इस पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को विभाग की प्रियंका शर्मा व पारूल चौधरी अपनी टीम के साथ कोतवाली पहुंची तथा पुलिस को साथ लेकर मोहल्ला इकराम पुरा में बच्चों के पिता के घर गई। इसके बाद टीम ने दोनों पक्षों को किलागेट पुलिस चौकी बुलाया। इस दौरान टीम के अधिकारियों ने दोनों पति-पत्नी को एक साथ रहने व झगड़ा खत्म करने के लिए काफी समझाया। बाद में टीम ने दोनों मासूम बच्चों को लिखित रूप में उसकी मां की सपुर्दगी में दे दिया तथा दोनों को जल्द ही शामली कार्यालय बुला कर समझौता करने की सलाह दी।