महादेव का जलाभिषेक किया
कैराना। महाशिवरात्रि पर्व पर प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सोमवार को महाशिवरात्रि पर्व पर प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी मंदिर को फूलों से सजाया गया। हरिद्वार से पवित्र गंगा जल की पैदल और डाक कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भोले बाबा का गुणगान करते हुए शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लाइनें लगी रही। शाम को भजन संध्या को आयोजन किया गया। इसके अलावा कस्बे व ग्रामीण क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस अवसर कड़ी सुरक्षा रही और पुलिस बल तैनात रहे।