झिंझाना। बैंकों में सर्वर फेल होने के कारण उपभोक्ता दिनभर परेशान रहे। शाम तक भी बैंक में लेनदेन और पासबुक एंट्री सहित कोई कार्य नहीं हो सका।
बुधवार को कस्बे के दोनों बैंक एसबीआई और पीएनबी की शाखा में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी थी, लेकिन दोनों बैंक शाखा में सर्वर न होने के कारण कोई कार्य नहीं हो पाया है। दिन भर दोनों बैंकों में ग्राहकों की भीड़ जमी रही। जब शाम तक भी सर्वर नहीं आया तो आस-पास के गांव और कस्बे से आए उपभोक्ता मायूस होकर लौट गए। आसपास के गांव से बैंक से पैसे निकालने आए ग्रामीण महकसिंह, डब्बू, यश शर्मा आदि का कहना है कि उनके यहां शादी है, लेकिन पिछले कई दिनों से और आज सुबह से सर्वर न होने के कारण हमें बैंक से पैसे नहीं मिले हैं। उपभोक्ता हरेंद्र दहिया ने बताया कि उसे अपने बेटे के कालेज में फीस के लिए खाते से ट्रांजक्शन करना था, वह भी नहीं हो पाया है। बैंक में सर्वर न होने के कारण सभी लोग मायूस होकर लौटने को मजबूर हुए। भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि टेलीफोन एक्सचेंज से ब्रॉड बैंड बंद होने के कारण यह परेशानी हो रही है। टेलीफोन एक्सचेंज में सिस्टम ऑपरेटर राकेश शर्मा ने बताया कि कस्बे में टेलीफोन वायर डाले जा रहे हैं, कहीं से टेलीफोन का वायर कट गया है। इसकी वजह से एक्सचेंज ठप हो गया है। शाम तक उसको सुचारु करा दिया जाएगा।