शामली। दिल्ली रोड पर स्थित सिटी ग्रीन में रविवार को उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा कैराना लोकसभा उपचुनाव कम मतदान होने और मतदाताओं के उदासीन होने के कारण हारी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 में इस गलती को सुधारा जाएगा। उपचुनाव और आम चुनाव में काफी अंतर है। बताया कि मोदी सरकार के विकास के एजेंडे पर लोक सभा चुनाव जीता जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शामली बाईपास का निर्माण जल्द होगा। बताया कि हरियाणा-पंजाब, हिमाचल और जम्मू काश्मीर के लिए नई रोडवेज बसें खरीदी जा रही हैं। इस मौके पर पूर्व एमएलसी जगत सिंह, भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, वेस्ट यूपी भाजपा के उपाध्यक्ष व बागपत जिले के प्रभारी हरवीर सिंह मलिक आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।