कैराना। रविवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कैराना लोकसभा उपचुनाव के लिए तहसील मुख्यालय पर रखी ईवीएम को पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह की देखरेख में शामली जिला मुख्यालय पर भेजने का कार्य शुरू कर दिया गया। पीडब्लूडी के अवर अभियंता देव प्रकाश और दिप्तेश ने बताया कि पहले दिन तहसील में रखी पांच सौ ईवीएम को कलक्ट्रेट भेज दिया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद ईवीएम को भेजा गया है। जिला मुख्यालय पर निर्वाचन आयोग की ओर से इंजीनियर को भेजा जाएगा, जो जिला निर्वाचन अधिकारी के सामने ईवीएम की जांच करेंगे। इसके उपरांत इनमें प्रत्याशियों के नाम तथा उनके चिन्ह फीड किए जाएंगे। ईवीएम में डाटा फीड नामांकन पत्रों के जमा कराने के बाद ही होगा।