थानाभवन। 25 लाख की लॉटरी लगने की बात कहते हुए ठग ने एक महिला से 1.70 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गांव मंटी हसनपुर निवासी मांगी देवी पत्नी मुकेश ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को उसे एक व्यक्ति का फोन आया। उक्त व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मी बताया और कहा कि उनकी 25 लाख रुपये की लाटरी लगी है। साथ ही युवक ने कहा कि इस लाटरी की रकम पाने के लिए उन्हें एक लाख 70 हजार पहले उनके खाते में जमा करने होंगे। बताया कि उन्होंने घर में रखे बेटी की शादी के पैसे कई किश्तों में उसके खाते में जमा कर दिए। आरोप है कि अब उक्त व्यक्ति लाटरी के पैसे देने के बजाए फोन करने पर उनके साथ गाली-गलौज करता है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।