ददरौल। हरदोई जिले के थाना पचदेवरा क्षेत्र के गांव कुंडी निवासी 24 वर्षीय जितनेश गर्रा नदी में डूब गया। गोताखोरों की टीम ने शव को निकाला है। वह नदी में मछली पकड़ने गया था।
मंगलवार को जितनेश अपने दोस्त अशोक और नन्हे के साथ गर्रा नदी में मछली पकड़ने गया था। गांव गुर्रा के पास मछली पकड़ते समय जितनेश नदी में गिर गया। उसके डूबने पर साथियों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। इसके बाद सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की।
करीब आधा घंटे की खोजबीन के बाद नदी से जितनेश का शव निकाला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार, जितनेश की दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद से पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।