शाहजहांपुर के पुवायां में ससुराल में जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज को ले जाते समय गांव भटपुरा चंदू के 35 वर्षीय नीलू की मौत हो गई। नीलू की पत्नी अर्चना देवी ने ससुराल के दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
अर्चना देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति नीलू का अपने परिजनों से विवाद था। इस कारण पति ज्यादातर उसके मायके गांव मुड़िया कुर्मियात में रहते थे। सोमवार को नीलू अपने घर भटपुर चंदू गए थे। घर जाने पर नीलू का परिवार में कर्ज चुकाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के कारण नीलू वापस मुड़िया कुर्मियात चले आए। मंगलवार को नीलू के घर से दो लोग मुड़िया कुर्मियात आए और नीलू को बाहर बुला ले गए। इसके बाद पति का अपने परिजनों से फिर विवाद हो गया।
परिजनों के जाने के बाद नीलू ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मंगलवार शाम हालत बिगड़ने पर जानकारी हुई तो ससुराल के लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने नीलू को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इलाज को ले जाते समय नीलू की रास्ते में मौत हो गई। शव को वापस मुड़िया कुर्मियात लाकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। नीलू के पिता तुलसीराम ने बताया कि परिवार में पुत्र से कोई विवाद नहीं था। लगाए जा रहे आरोप गलत हैं।