गांव महेशापुर निवासी 21 वर्षीय विपिन कुमार की रविवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। विपिन के बड़े भाई ने एक महिला और उसके परिजनों पर विपिन को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। जहर खाने से पहले विपिन ने वीडियो भी बनाए थे।
विपिन के भाई बलवीर कश्यप ने बताया कि उनका भाई विपिन अविवाहित है और मैंगो शेक बेचने का ठेला लगाता है। गांव की एक महिला से विपिन की नजदीकियां थीं। जानकारी होने पर महिला के परिजनों से विवाद भी हुआ था। महिला के घरवालों ने विपिन को 12 अप्रैल को लाठी-डंडों से पीटा था।
13 अप्रैल को उन्हें जानकारी मिली कि विपिन गांव के पास पड़ा हुआ है। वह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि विपिन ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। विपिन को खुटार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 14 अप्रैल की रात विपिन की मौत हो गई। भाई को महिला और उसके परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाया है।
बलवीर की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार विपिन की जहरीला पदार्थ का खाने से मौत हुई है। सूचना के आधार पर पोस्टमार्टम कराया गया है।। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जहर खाने से पहले बनाए तीन वीडियो वायरल
विपिन ने जहर खाने से पहले तीन वीडियो बनाए थे। एक वीडियो में विपिन किसी महिला से एक बार बात कर लेने की गुहार कर रहा है और अब तक हुई गलती के लिए सॉरी बोल रहा है। विपिन वीडियो में कह रहा है कि वह जहर खाने जा रहा है। दूसरे वीडियो में भी वह महिला से बात करने की बात कह रहा है। तीसरे वीडियो में वह किसी व्यक्ति से महिला से बात कराने की बात कह रहा है।