जलालाबाद। फर्रुखाबाद हाईवे स्थित एक्सिस बैंक से निकले युवक के साथ बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उससे 30 हजार रुपये व सोने की चेन छीन ली। तहरीर मिलने पर पुलिस ने पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भिजवाया है।
मोहल्ला नवीन नगर निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि याकूबपुर चौराहा पर उसकी ट्रैक्टर की एजेंसी है। दोपहर करीब एक बजे वह एक्सिस बैंक से बाहर निकलकर अपनी कार में बैठ गया। इसी दौरान दो बाइक से छह लोग आ गए और मारपीट करने लगे। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसके सीने पर तमंचा रख दिया और उससे सोने की चेन व जेब में रखे 30 हजार रुपये निकाल लिए। लोगों के आ जाने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घटना के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इंस्पेक्टर क्राइम रवि कुमार ने बताया कि मौके पर की गई जांच में मामला झगड़े और मारपीट का निकला है। आरोपी पीड़ित के परिचित भी हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद