शाहजहांपुर/ तिलहर। थाना क्षेत्र के गांव सहबेगपुर निवासी सुरेश कुमार के पुत्र नवल किशोर (30) ने फंदे से लटककर जान दे दी। पति की मौत की सूचना के बाद मायके से आई पत्नी ने जायदाद के लिए हंगामा किया। पंचायत में एक बीघा जमीन नाम होने के आश्वासन पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मजदूरी करने वाले नवल किशोर के ससुर का निधन होने के बाद करीब एक सप्ताह पहले पत्नी नीतू सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बरेंग गांव स्थित मायके चली गई थीं। रविवार को नवल किशोर के पिता सुरेश कुमार खेत पर फसल की रखवाली करने चले गए। इस बीच उसने मकान के कमरे में रस्सी के फंदे से लटककर जान दे दी। दोपहर करीब ढाई बजे पड़ोसी मकान में रहने वाली नवल किशोर की चाची कमरे में आईं तो शव लटका देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सूचना पर पत्नी नीतू भी दो बेटियों के साथ आ गई। उसने पति के हिस्से की जमीन नाम कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। काफी देर तक पंचायत चली। एक बीघा जमीन उसके नाम आने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हालांकि, उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर अपराध देवेंद्र यादव ने बताया कि मृतक के पिता के नाम पर तीन बीघा जमीन थी। नवल किशोर के हिस्से में आई एक बीघा जमीन उसकी पत्नी के नाम कर दी गई है।