वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देते पूर्व पालिका अध्यक्ष तनवीर खां ने
सामाजिक संस्था अंजुमन इदरीसिया ने आयोजित किया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। 1965 के भारत-पाक युद्ध के नायक, राष्ट्र के गौरव व परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद का 90वां जन्मदिन शनिवार को पूरे सम्मान के साथ मनाया गया। सामाजिक संस्था अंजुमन इदरीसिया की ओर से कैंट स्थित वीर अब्दुल हमीद पार्क पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूर्व पालिकाध्यक्ष तनवीर खां ने वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको श्रद्धांजलि दी। इस बीच उन्होंने कहा कि वीर अब्दुल हमीद की शहादत से युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए। जीएफ कालेज के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. फैयाज ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद की कुर्बानी बेमिसाल थी।
अंजुमन इदरीसिया के जिलाध्यक्ष एवं वीर अब्दुल हमीद शहीद स्मारक समिति के संयोजक महबूब हुसैन इदरीसी ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद में वतनपरस्ती और बहादुरी कूट-कूट कर भरी हुई थी। शहीद को सलामी देने और खिराज-ए-अकीदत पेश करने वालों में प्रमुख रूप से कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष गजेंद्र गंगवार, तैय्यब अली खान, जगदीश चंद्र, डॉ. जमील हसन इदरीसी, विजय राठौर, डॉ. सरताज अहमद, डॉ. हसनैन अली, राशिद अली, मेवाराम, मोहम्मद सलमान, राजेंद्र प्रसाद, जगदीश चंद्र आदि मौजूद रहे।