शाहजहांपुर। शहर के हथौड़ा उपकेंद्र पर शुक्रवार को दस एमवीए का ट्रांसफार्मर रखने के बाद चार्ज करने का काम शुरू कर दिया गया। इस अवधि में रोजा, सिटी पार्क और बहादुरगंज उपकेंद्र से फीडरों को जोड़कर टुकड़ों में सप्लाई दी गई। एसडीओ का दावा है कि शनिवार से ओवरलोडिंग की समस्या खत्म हो जाएगी।
ओवरलोडिंग की समस्या से जूझने वाले हथौड़ा उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति को पटरी पर लाने के लिए क्षमतावृद्धि के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा था। प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद नया ट्रांसफार्मर आने पर बृहस्पतिवार को काम शुरू कराया। इस अवधि में अंटा फीडर को सिटी पार्क से जोड़कर आपूर्ति दी गई। एक पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर से अन्य फीडर चलाए गए। शुक्रवार को पूरे दिन काम चलता रहा। पुराने ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया रखकर पूजन किया गया। नए पोषक को चार्ज करने का काम शुरू कराया। कार्य होने के चलते लोगों को भरपूर आपूर्ति देने के बजाये टुकड़ों में बिजली दी गई। इसके चलते भीषण गर्मी में लोगों को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। एसडीओ सीपी जायसवाल ने बताया कि दस एमवीए के ट्रांसफार्मर पर शनिवार को लोड डालकर ओवरलोडिंग की समस्या को खत्म कर दिया जाएगा।
-
उपकेंद्र के एसएसओ की लापरवाही आई सामने
जलालाबाद के गांव पुरैना में बुधवार की सुबह हाईटेंशन लाइन का तार खेत की बाड़ पर गिरने से चपेट में आए ओमकार की करंट से मौत के मामले में बिजली निगम ने जांच को पूर्ण कर लिया है। एक्सईएन जलालाबाद मुदित सोनकर को एसई जेपी वर्मा ने जांच के निर्देश दिए। एक्सईएन ने बताया कि घटना के लिए उपकेंद्र के एसएसओ की लापरवाही सामने आई है। उसने समय रहते कॉल उठाकर आपूर्ति बंद की होती तो घटना नहीं होती। सोनकर ने रिपोर्ट एसई को भेज दी है। उनके स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
पांच-छह घंटे बिजली मिलने से पानी का संकट
कुर्रिया कलां। 14 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल होने के बावजूद दर्जन भर गांवों में मात्र पांच से छह घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। भीषण गर्मी में बिजली नहीं आने से नाराज हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने उपकेंद्र पर ज्ञापन देकर आपूर्ति दिए जाने की मांग की।
चौहनापुर उपकेंद्र से आने वाली बिजली कटौती की भेंट चढ़ रही है। भीषण गर्मी में कटौती से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। किसानों के सबमर्सिबल पंप तक नहीं चल पा रहे हैं। उनकी धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो गई है। बिजली नहीं आने से हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने उपकेंद्र पर हंगामा करने के बाद ज्ञापन दिया। इस मौके पर राजीव सिंह, सूरज शर्मा, अभय सिंह, अंकित शुक्ला मौजूद रहे। संवाद
-
एसई कार्यालय का घेराव करेंगे कांग्रेसी
-शहरी व ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करेंगे। जिला उपाध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे कांग्रेसजन एसई कार्यालय की ओर कूच करेंगे। इस बीच राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया जाएगा।