पुवायां। हाईवे के साथ बन रहे बाईपास पर गांव आनंदपुर उर्फ अनंतापुर मार्ग पर अंडरपास बनवाने की मांग कर रहीं महिलाएं 24 घंटे तक हाईवे पर डटी रहीं। शनिवार को निर्माण कंपनी के अधिकारियों और पुलिस ने पहुंचकर महिलाओं को समझाकर बमुश्किल घर भेजा।
शाहजहांपुर से लेकर खुटार तक हाईवे चौड़ीकरण से पुवायां में बाईपास निर्माण में गांव अनंतापुर तक जाने वाली सड़क बंद हो रही है। इस पर निर्माण कार्य में लगे डंपरों को गांव अनंतापुर की महिलाओं ने शुक्रवार दोपहर रोककर विरोध जताया था। सड़क पर पड़ी मिट्टी को फावड़े से हटाकर गांव के पास ही अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर महिलाएं निर्माणाधीन बाईपास पर ही धरने पर बैठ गई थीं। शनिवार को 24 घंटे बीतने के बाद भी महिलाएं बच्चों के साथ वहीं डटी रहीं। हालांकि, अधिकारी यहां से दो सौ मीटर दूर अंडरपास तक साइड पटरी का निर्माण होने की बात कह रहे हैं।
दोपहर बाद निर्माण कंपनी के अधिकारी और थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कहा कि मामले से एनएचएआई के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। निर्णय होने तक अनंतापुर की सड़क के पास बाईपास पर मिट्टी कार्य नहीं किया जाएगा। इस पर महिलाएं मान गईं और अपने घर चली गईं। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने इसकी पुष्टि की।
-
तहसील समाधान दिवस में सीडीओ से मिलकर की गुहार
- गांव अनंतापुर की राजरानी, शकुंतला देवी, सुषमा देवी, सरोजनी, नीलू, रामसागर, अवधेश कुमार, रामनरेश आदि ग्रामीण शनिवार को तहसील समाधान दिवस में पहुंचे। ग्रामीणों ने डीएम को संबोधित पत्र सीडीओ को सौंपकर मांग दोहराई। सीडीओ ने मामले को दिखवाने का आश्वासन दिया। एसडीएम संजय पांडे ने बताया कि एनएचएआई के परियोजना अधिकारी को पत्र भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ही कोई निर्णय हो सकेगा।
पुवायां में बाईपास पर प्रदर्शन करती आनंदपुर की महिलाएं। संवाद