शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मंडलीय बालिका वर्ग अंडर-19 क्रिकेट ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें तीन जिलों की महिला खिलाड़ियों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाई।
हथौड़ा स्थित परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। तीनों टीमों के बीच मैच कराया गया। इसमें खेल के आधार पर राधा, मुस्कान वर्मा, शगुन शर्मा, वंदना, कमल शर्मा, वैष्णवी, जोया प्रजाति, शौर्य श्रीवास्तव, निहारिका सिंह, फरीन सिद्दीकी, जानवी गुप्ता, कनक सिंह, बरखा आदि का चयन राज्य स्तरीय टीम के लिए किया गया। जीआईसी के प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि टीम में सभी खिलाड़ियों का महत्व होता है। टीम भावना से खेलना चाहिए। हार से भी हमें सीख मिलती है और सुधार करने का समय मिलता है। डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रबंधक संतोष पांडेय ने बालिकाओं की खेल के प्रति जागरूकता की प्रशंसा की। क्रीड़ा सचिव कैप्टन रामकुमार, रत्नेश शुक्ला, वंदना चौरसिया, रवि प्रभा, मीरा गंगवार, अंजू गंगवार, विजय लक्ष्मी, अर्चना सक्सेना का सहयोग रहा।