शाहजहांपुर। खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव पच्चड़ निवासी रोहित की पत्नी नंदनी (22) का शव घर के अंदर कमरे में कुंडे से लटकता मिला। दोनों ने आठ माह पूर्व प्रेम विवाह किया था। नंदिनी का मायका मैनपुरी के बेवर क्षेत्र में है।
रोहित इस वक्त काम के सिलसिले में गाजियाबाद में है। घर में नंदनी की सास छोटी देवी, जेठानी राखी और ननद निधि माैजूद थीं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे नंदनी ने कमरा बंद कर लिया। परिजनों ने समझा कि वह आराम कर रही है। काफी देर तक वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। इसके बाद भी कोई आहट नहीं हुई तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो नंदनी कमरे के अंदर कुंडे में दुपट्टे से लटकी हुई थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कुंडे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर नंदनी के मायके वाले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया, शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया गया है। महिला के परिजनों ने अभी ससुरालियों पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।